IIT मंडी करेगी G20-S20 मीट की मेजबानी, हेमा मालिनी भी लेगी भाग
इन दिनों भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। ऐसे में इसे लेकर देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित आईआईटी भी जी20-एस20 (साईंस-20) मीट का आयोजन करने जा रहा है। 21 से 30 जून तक आयोजित होने वाली इस मीट में हिमाचल प्रदेश और देश के दर्जनों वक्ता भाग लेंगे जिनमें मुख्य रूप से हिमाचल के राज्यपाल, सीएम, डिप्टी सीएम और पद्म श्री हेमा मालिनी का नाम शामिल है। आईआईटी मंडी के डायरेक्टर प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मीट का उद्देश्य विभिन्न प्रमुख नीति निर्माताओं, हितधारकों और विशेषज्ञों को एक साथ लाना है ताकि इंक्लूसिव और सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर आधारित विभिन्न विषयों पर काम किया जा सके। यह कार्यक्रम नवीन विचारों और सर्वाेत्तम प्रथाओं को साझा करने के साथ महत्वपूर्ण चुनौतियों को संबोधित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
लक्ष्मीधर बेहरा ने जी20-एस20 मीट में 21 से 30 जून तक आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 23 जून को समग्र स्वास्थ्य, 25 जून को स्किल इंडिया, 27 जून को रक्षा के लिए प्रौद्योगिकी, 29 जून को समाज के लिए प्रौद्योगिकी, और 30 जून को अक्षय ऊर्जा जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। बता दे कि आईआईटी मंडी जलवायु-नियंत्रित कृषि, एआई और रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर-फिजिकल सिस्टम्स, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों में कुशल जनशक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके माध्यम से मेक-इन-इंडिया पहल जैसे राष्ट्रीय मिशन को बढ़ावा देने और भारत को दुनिया की कौशल राजधानी बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने में बेहतरीन साबित होगा।
