प्रदेश के हर स्कूल में भी एक घंटा खेल होना चाहिए: राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि जो व्यक्ति रोजाना एक घंटा मैदान में रहता है, उसे कभी बीमारी नहीं आती है। प्रदेश के हर स्कूल में भी एक घंटा खेल होना चाहिए। इससे स्वास्थ्य बना रहेगा। स्वास्थ्य बना रहने के साथ आत्म विश्वास में भी वृद्धि होगी।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय आज सेक्टर – 3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित शहीद चंद्रशेखर आजाद मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
शहीद चंद्रशेखर आजाद मेमोरियल T20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हिम्स हॉक्स टीम ने वाइल्डवुड वॉरियर्स को हराकर टाइटल जीता। विजेता टीम को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में मैन ऑफ द टूर्नामेंट का किताब खिलाड़ी शिवम बामरी को मिला। फाइनल मुकाबले के बेस्ट खिलाड़ी और बेस्ट गेंदबाज राहुल सिंह रहे और देवांश कौशिक को बेस्ट बल्लेबाज का खिताब मिला।
बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है। मेरी कामना रहेगी कि आप सभी जीवन में ऊंची उपलब्धियां हासिल करें। उच्च मनोबल व दृढ निश्चय द्वारा ही सभी कठिनाईयों का सामना कर लक्ष्य की प्राप्ती की जा सकती है।
बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि इस प्रतियोगिता से निश्चय ही सभी खिलाड़ियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जिससे खिलाड़ी उच्च प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी दक्षता को साबित कर देश का नाम और अधिक रोशन करेंगे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ी एक-दूसरे से मिलकर सहज वार्तालाप के जरिए प्रेम-प्यार, मैत्री और भाईचारे और सद्भाव की भावना सीखेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में धैर्य और अनुशासन से ही व्यक्ति सफल हो पाता है और खेलों में भी धैर्य और अनुशासन ही जीत की पूंजी है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, यूटी क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष संजय टंडन, सचिव देविंदर शर्मा, क्रिकेट टूर्नामेंट चेयरमैन डा. रूपेश सिंह, पूर्व क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा, रंजीता मेहता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, जिला खेल अधिकारी नीलकमल, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह, अमरजीत कुमार, सुदीप रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी मौजूद रहे।
