अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नालागढ़ द्वारा पुलवामा हमले के 40 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित
सोलन, कमल जीत: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ए बी वी पी नालागढ़ इकाई द्वारा आज पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं अध्यापकों ने एकत्रित होकर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धांजलि सभा से हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया। इसके पश्चात ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘शहीद जवान अमर रहें’ के गगन भेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर अभाविप के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलवामा हमले में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनकी शहादत से प्रेरणा लेते हुए हमें राष्ट्रसेवा एवं समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। वक्ताओं ने यह भी कहा कि हम सभी को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रहित एवं शहीदों की स्मृति में कार्य करने का संकल्प लिया। विद्यार्थी परिषद नालागढ़ इकाई ने यह भी कहा है कि भविष्य में देशभक्ति एवं समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
