भाजपा राष्ट्रीय किसान मोर्चा के सदस्य देवेन्द्र कुनपुरी ने हिमाचल सरकार पर साधा निशाना, राष्ट्रपति शासन की मांग
सोलन,कमल जीत: आज सोलन के पुराने लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय किसान मोर्चा के सदस्य देवेन्द्र कुनपुरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और साथ ही दिल्ली चुनाव में भाजपा के विजयी होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ पार्टी ने उनकी सेवाएँ लीं, वहाँ की सीटों को भाजपा ने भारी बहुमत से जीतकर दिखाया उन्होंने इन राज्यों और दिल्ली के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
कुनपुरी ने हिमाचल सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा हुआ है कि ठेकेदारों के बकाया भुगतान नहीं किए गए हैं और ट्रेज़री को इतने लंबे समय से बंद रखा गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले किए गए किसी भी वादे को अब तक पूरा नहीं किया है, जिससे प्रदेश की जनता त्रस्त, परेशान और तंग हो चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार को अक्षम और जनविरोधी बताते हुए मांग की कि इस सरकार को तत्काल बर्खास्त कर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस सरकार के झूठे वादों से तंग आ चुकी है और भाजपा ही प्रदेश को सही दिशा में आगे ले जा सकती है।
इस अवसर पर नगर के कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें सम्मिलित हैं: नरेश गांधी, इंद्र सिंह मेहता, स्वरूप ठाकुर, मदन ठाकुर, विजय ठाकुर, मदन मेहता, मुन्नी लाल परिहार, नरेंद्र मेहता, मुन्नू मुकेश शर्मा, कुलदीप मेहता, अरुष गुप्ता तथा अमर सिंह।
भाजपा नेताओं ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार की नाकामियों को उजागर करने और जनता को जागरूक करने के लिए निरंतर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
