December 22, 2025

10 को महाकुंभ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

नावों के संचालन पर रोक; वाहनों का आवागमन भी रहेगा बंद

प्रयागराज: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 10 फरवरी को महाकुंभ नगर में आगमन हो रहा है। वह पावन संगम में डुबकी लगाएंगी और फिर अक्षयवट व बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। लगभग पांच घंटे का उनका महाकुंभ नगर में कार्यक्रम है।
उनके आगमन को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण तथा जिला पुलिस व प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के स्नान के दौरान संगम तट समेत सभी स्नान घाटों पर आम श्रद्धालु डुबकी लगा सकेंगे। अलबत्ता स्नान घाटों पर सुरक्षा तगड़ी रहेगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पांच फरवरी को जब संगम में डुबकी लगा रहे थे तो श्रद्धालुओं के स्नान पर कोई रोक नहीं थी। राष्ट्रपति के स्नान के दौरान संगम में नावों के संचालन पर रोक रहेगी। बोट क्लब, किला घाट, वीआइपी घाट किला, अरैल घाट की जेटी प्रतिबंधित रहेंगी।
वाहनों का आवागमन भी रहेगा बंद
उनके आने पर अरैल व संगम से लेकर किला व हनुमान मंदिर तक वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। राष्ट्रपति दोपहर में लगभग 12 बजे त्रिवेणी स्नान को पहुंचेंगी। स्नान के बाद गंगा की पूजा और आरती करेंगी। राष्ट्रपति के लौट जाने के बाद ही नावों का संचालन हो सकेगा।
राष्ट्रपति का स्नान माघ महीने की एकादशी के शुभ अवसर पर होगा। वह दिल्ली से विशेष वायुयान से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर दिन में लगभग 11 बजे पहुंचेंगी, जहां से हेलीकॉप्टर से महाकुंभ नगर के अरैल क्षेत्र में डीपीएस हेलीपैड पर उतरेंगी।
निषादराज क्रूज से संगम जाएंगी द्रौपदी मुर्मू
वहां से कार से वह अरैल वीवीआइपी जेटी से निषादराज क्रूज से संगम जाएंगी। इसी तरह वह बमरौली एयरपोर्ट लौटेंगी, जहां से शाम चार बजे के करीब वह दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *