February 15, 2026

दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं: प्रधानमंत्री

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के आरके पुरम में बीजेपी की ‘विकसित दिल्ली संकल्प रैली’ में हिस्सा लिया। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 फरवरी को दिल्ली में विकास की नई बहार आने वाली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।

आप सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि दिल्ली की आपदा पार्टी ने यहां के 11 साल बर्बाद कर दिए हैं। मेरी दिल्ली के हर परिवार से प्रार्थना है कि राज्य में हमें आप सबकी, दिल्लीवासियों की सेवा का मौका जरूर दें। मैं गारंटी देता हूं कि आपकी हर मुसीबत, हर परेशानी को समाप्त करने के लिए खप जाऊंगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब हो या मिडिल क्लास, हर परिवार का जीवन खुशहाल हो, ऐसी डबल इंजन सरकार दिल्ली को मिलेगी। हमें ऐसी डबल इंजन सरकार बनानी है। जो लड़ाई-झगड़े की बजाय, दिल्ली के लोगों की सेवा करे। जो बहाने बनाने की बजाय, दिल्ली को बनाने-सजाने में ऊर्जा लगाए। उन्होंने कहा कि आपने आने वाले पांच साल के लिए केंद्र में भाजपा की पक्की सरकार बना ली है, अब गलती से भी यहां आपदा सरकार नहीं आनी चाहिए, जो दिल्ली के पांच और साल बर्बाद कर दे।

पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं। आपदा के लीडर्स, उसे छोड़कर जा रहे हैं, ये जान चुके हैं कि ग्राउंड पर जनता आपदा से कितना नाराज है।

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने विकसित भारत के निर्माण के लिए चार स्तंभों को मजबूत करने की गारंटी देश को दी थी। ये स्तंभ हैं- गरीब, किसान, नौजवान और नारीशक्ति। कल जो बजट आया है, वो मोदी की ऐसी ही गारंटियों को पूरा करने की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि आप भी जानते हैं कि 10 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था 10वें नंबर से पांचवें नंबर पर पहुंच चुकी है, यानी देश की आर्थिक शक्ति बढ़ रही है, अर्थव्यवस्था का कद बढ़ रहा है, नागरिकों की कमाई भी बढ़ रही है। पहले की स्थिति होती तो देश की ये बढ़ती हुई कमाई घोटालों में चली जाती, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। लेकिन भाजपा की ईमानदार सरकार देशवासियों का एक-एक पैसा देश की भलाई, देशवासियों की भलाई के लिए लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *