February 15, 2026

उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह सरकाघाट स्कूल में धूमधाम से मनाया जाएगा

सरकाघाट, 20 जनवरी

26 जनवरी 2025 को उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह सरकाघाट स्कूल के खेल मैदान में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए आज एसडीएम कार्यालय के सभागार में एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अपनी जिम्मेदारियों को समझा। एसडीएम स्वाति डोगरा ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी मुख्य अतिथि के रूप में वे स्वयं प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी और पुलिस, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स की परेड की सलामी लेंगी।

परेड के बाद स्कूली और कॉलेज के छात्रों, महिला मंडलों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं और समय पर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा।

बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी जगदीश शर्मा, अतिरिक्त थाना प्रभारी जयराम कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संतोष पाठक, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार शर्मा, और एसएमएस (कृषि) गोपालपुर रोहित कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *