February 19, 2026

प्रधानमंत्री ने किया दिल्ली के लोगों का अपमान: केजरीवाल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रोहिणी में परिवर्तन रैली के दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने एक बार फिर आम आदमी पार्टी को आपदा करार दिया। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी हर रोज दिल्ली के लोगों को गालियां दे रहे हैं। दिल्ली की जनता का अपमान कर रहे हैं। दिल्ली के लोग चुनाव में बीजेपी को इस अपमान का जवाब देंगे। प्रधानमंत्री जी 38 मिनट में 29 मिनट तक दिल्ली के लोगों को गालियां देते रहे।

केजरीवाल ने कहा कि जो लोग यह आरोप लगाते हैं कि आम आदमी पार्टी लड़ती रहती है। आज का उद्घाटन एक उदाहरण है जो दर्शाता है कि आप केवल दिल्ली के लोगों के लिए ही काम करती है। भाजपा वालों ने हमारे शीर्ष नेतृत्व को जेल भेज दिया, हमारे खिलाफ बहुत अत्याचार हुए। हमने कभी इसको लेकर कोई मुद्दा नहीं बनाया। अन्यथा इन परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं हो पाता।

केजरीवाल ने कहा कि हमारी पार्टी ने दिल्ली के लोगों के लिए काम किया है। इन्होंने दिल्ली के काम हर समय रूकवाया है। सीसीटीवी कैमरे रूकवाए हैं। मोहल्ला क्लीनिक इन्होंने रूकवाए हैं।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली देहात के लोगों के लिए प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोले। दिल्ली देहात में धारा 81 और धारा 33 हटाने पर बात नहीं की है। लोगों पर पुराने मुकदमे चल रहे हैं, वे लोग इंतजार में थे कि वे कुछ बोलेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोग चुनाव में भाजपा को इस अपमान का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी की जितनी डबल इंजन सरकार है उनसे कहीं ज्यादा काम आम आदमी पार्टी सरकार ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *