February 15, 2026

दिल्ली को नहीं चाहिए झूठा सीएम: सुखजिंदर सिंह रंधावा

चंडीगढ़: कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर बेहद विनम्रता से बात करने और फिर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। रंधावा ने आम आदमी पार्टी और उसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। आप पर हमला बोलते हुए उन्होंने याद दिलाया कि केजरीवाल ने पंजाब में कहा था कि वे महिलाओं को 1000 रूपये देंगे। 3 साल में नहीं दे पाए हैं। अगर अरविंद केजरीवाल ईमानदार हैं तो उन्हें अभी दिल्ली में महिलाओं को 2100 रूपये देने चाहिए।

रंधावा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बहुत नम्रता से बात करते हैं और फिर लोगों को धोखा देते हैं। उनके खुद के विधायक कह रहे हैं कि उन्होंने पंजाब में लोगों को धोखा दिया है। रंधावा ने यह भी कहा कि दिल्लीवासी ऐसे मुख्यमंत्री के हकदार हैं जो उनके लिए काम करे, न कि उन्हें गुमराह करने वाला। रंधावा ने कहा कि दिल्ली के लोग केजरीवाल को हराएंगे। दिल्ली को झूठा सीएम नहीं, बल्कि काम करने वाला सीएम चाहिए।

बता दें कि 22 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल ने ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ के लिए पंजीकरण शुरू करने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत आम आदमी पार्टी का लक्ष्य दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को प्रति माह 2,100 रूपये प्रदान करना है। घोषणा के बाद, दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) विभाग ने ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ के संबंध में एक स्पष्टीकरण जारी किया और कहा कि ऐसी कोई योजना आधिकारिक तौर पर अधिसूचित नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *