February 15, 2026

मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन में कोई कांग्रेस नेता शामिल नहीं हुआ: भाजपा

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद अब उनकी अस्थि विसर्जन पर राजनीति शुरू हो गई है। दरअसल, कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर पूर्व प्रधानमंत्री के अस्थि विसर्जन का वीडियो साझा किया। इसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा ने दावा किया कि सिंह के अस्थि विसर्जन पर कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ। बता दें कि आज दिल्ली के गुरुद्वारा मजनू का टीला साहिब के पास यमुना घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियां विसर्जित की गई।

कांग्रेस ने एक्स पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो के साथ पार्टी ने लिखा, ‘आज भारत मां के सपूत और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ मजनू का टीला स्थित गुरुद्वारे के पास यमुना घाट पर विसर्जित की गईं। हम सभी मनमोहन सिंह जी की देश सेवा, समर्पण और उनकी सहजता को हमेशा याद रखेंगे।’

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसको लेकर अफसोस जताया कि पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियां विसर्जित किए जाने के समय गांधी परिवार से कोई मौजूद नहीं था। सिरसा ने कहा, ‘यह हम सभी के लिए दुखद क्षण है। हालांकि, यह सच है कि आज (सिंह की अस्थियां विसर्जित करने के दौरान) गांधी परिवार से कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था। आज, जब कैमरा नहीं था, तो कांग्रेस से कोई भी वहां मौजूद नहीं था। यह दुखद बात है। मनमोहन सिंह का बहुत सम्मान किया जाता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *