February 19, 2026

बर्फबारी से हिमाचल के कई इलाके पर्यटकों के लिए बने आफत

शिमला : अगर आप हिमाचल प्रदेश की वादियों में न्यू ईयर मनाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में इस समय जमकर बर्फबारी हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और सैलानी इसका भरपूर मजा ले रहे हैं। वहीं, बर्फबारी कई इलाकों में पर्यटकों के लिए आफत भी बन रही है। शुक्रवार रात को हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते सैकड़ों सैलानी फंस गए। अटल टनल और सोलांग घाटी के बीच लगभग 1200 गाड़ियां फंसी रहीं। होटलों में भी जगह न होने के कारण पर्यटकों को अपनी कार में ही रात गुजारनी पड़ी।

वहीं, चीन अधिकृत तिब्बत सीमा के नजदीक मलिंग नाला में 150 सैलानी फंस गए। लाहौल स्पीति के काजा घूमने गए लगभग 150 सैलानी, किन्नौर और लाहौल स्पिति की सीमा पर तब फंस गए जब दोनों तरफ के पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो गई। हिमाचल प्रदेश पुलिस नें सभी सैलानियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्हें यंगथांग ,नाको और चांगो के गांवों में लोगों के घरों और होटलों में ठहराया गया है। घाटी में बर्फबारी लगातार जारी है।

हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी के चलते 134 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं। यहां का मौसम ठीक होने के बाद ही इन सड़कों पर दोबारा आवागमन शुरू हो सकेगा। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शिमला जिले में सबसे अधिक 77 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा, 65 ट्रांसफार्मर बाधित हो गए, जिससे पूरे राज्य में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बारिश के बाद हिमाचल के कई इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। आने वाले दिनों में भी यहां ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *