February 19, 2026

1500 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 4 यात्रियों की मौत

नैनीताल : उत्तराखंड के भीमताल में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें एक रोडवेज बस करीब 1500 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमताल से हल्द्वानी जा रही इस बस में करीब 20 से 27 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।

नैनीताल के पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद मीना ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। क्या बस चालक की लापरवाही थी या फिर कोई तकनीकी खराबी। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, भीमताल के निकट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *