रबी सीजन के लिए पंजाब में है पर्याप्त यूरिया का स्टॉक: एनएफएल
नंगल: नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड ने एक प्रेस विज्ञप्ति के द्वारा कहा है कि रबी सीजन के दौरान पंजाब के पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध रहेगी। इस संदर्भ में कंपनी के महाप्रबंधक प्रभारी, कॉर्पोरेट संचार विभाग, संजीव रणदेव ने बताया कि नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड (एनएफएल) पंजाब राज्य के लिए प्रमुख उर्वरक आपूर्तिकर्ता है। राज्य में यूरिया की उपलब्धता पर मीडिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए संजीव रणदेव ने बताया कि रबी सीजन के लिए पंजाब में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कंपनी अधिकारी ने बताया कि रबी सीजन के लिए पंजाब में यूरिया की कुल आवश्यकता में से उर्वरक कंपनियों द्वारा राज्य में नियमित आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।
तद्नुसार कुल आवश्यकता के अनुपातिक आधार पर एक अक्टूबर से पंजाब को पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की जा चुकी है। यह मात्रा यूरिया की अनुपातिक आवश्यकता की तुलना में एक लाख मैट्रिक टन से अधिक है। हालांकि कंपनी ने पुष्टि की है कि सभी उर्वरक कंपनियों पंजाब में 60 प्रतिशत यूरिया मार्कफेड के माध्यम से और 40 प्रतिशत निजी डीलरों के माध्यम से आपूर्ति कर रही हैं। कंपनी ने किसानों को सलाह दी है कि वह अफवाहों के आधार पर स्टॉक जमा न करें क्योंकि रबी सीजन में निरंतर आपूर्ति के लिए देश में पर्याप्त मात्रा में यूरिया मौजूद है।
