फिर से राजनीति में सक्रिय होने की घोषणा की
अजनाला: – शिरोमणि अकाली दल के पूर्व सांसद रतन सिंह अजनाला ने फिर से पंजाब की सियासत में सक्रिय होने की घोषणा की है। अजनाला में अपने आवास पर प्रैस कांफ्रेंस में उन्होंने बताया कि कल श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाए गए ऐतिहासिक फैसलों से हमारी तकलीफों का हल हो गया है और अब इन फैसलों से अकाली दल चढ़दी कला में रहेगा। उन्होंने कहा कि पतन के कगार पर जा चुके अकाली दल को पुनर्जीवित करने के लिए वह अपने पुराने साथियों के साथ फिर से दिनरात काम करेंगे।
वहीं, आज गुरु रामदास सराय में स्नानघर की सेवा करने पहुंची शिरोमणि कमेटी की पूर्व अध्यक्ष और पूर्व अकाली मंत्री बीबी जागीर कौर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम अकाली थे, अकाली हैं और अकाली ही रहेंगे। सिंह साहिबान द्वारा लगाई गई तनख्वाह के बारे में उन्होंने कहा कि सिख धर्म में सेवा और ध्यान का बहुत बड़ा महत्व है और आज सेवा करने से मन को बहुत शांति मिल रही है।
