शेयर बाजार ने किया ट्रंप की जीत को सलाम
नई दिल्ली: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अपनी प्रतिद्वंद्वी और डेमोक्रैटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस के खिलाफ निर्णायक बढ़त मिलते ही भारत समेत दुनियाभर के ज्यादातर शेयर बाजारों ने ट्रंप की जीत का स्वागत किया है। ट्रंप ने मतगणना की शुरुआत से ही हैरिस पर बढ़त बना रखी थी। भारतीय शेयर बाजार ने इसका स्वागत किया और दोनों प्रमुख सूचकांक यानी सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले। दोनों सूचकांकों में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। पिछले कुछ से वैश्विक अनिश्चितता और एफआईआई की बिकवाली से भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट चल रही थी। सेंसेक्स 901.50 अंक यानी 1.13 फीसदी के 80,378.13 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी50 273.05 यानी 1.13 फीसदी बढ़कर 24,486.35 प्वाइंट पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा तेजी आईटी शेयरों में दिखी। टीसीएस, इन्फोसिस और विप्रो जैसी आईटी कंपनियों के शेयरों में करीब 4 फीसदी तक उछाल देखने को मिला। आईटी सेक्टर को ट्रंप की जीत से फायदा मिलने की उम्मीद है।
जापानी शेयर बाजार भी ट्रंप के सत्ता में आने से खुश नज़र आ रहा है। वहां का निक्केई इंडेक्स करीब 3 फीसदी तक उछल गया। लेकिन ट्रंप के जीतने से चीन और हांगकांग के बाजार लाल निशान में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में तेजी दिखी।
