February 15, 2026

एथलीट वरिंदर सिंह की मैदान पर ही हार्ट अटैक आने से मौत

लुधियाना : लुधियाना में जालंधर के एक एथलीट की गुरु नानक स्टेडियम में मौत हो गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जालंधर के 54 वर्षीय एथलीट वरिंदर सिंह खेडां वतन पंजाब दियां सीजन-3 में हिस्सा लेने आए थे। एथलीट वरिंदर अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे थे। फोन पर बात करने के तुरंत बाद उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ गया। वह नीचे गिर पड़े। जब तक आसपास मौजूद खिलाड़ी उन्हें संभालते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।बता दें, लुधियाना समेत पंजाब के पांच जिलों में प्रतियोगिता शुरू हुई और इसमें एथलेटिक्स, बेसबॉल, किकबॉक्सिंग और लॉन टेनिस जैसे इवेंट शामिल हैं। जिसमें युवा और अनुभवी दोनों एथलीट हिस्सा ले रहे हैं और यह 9 नवंबर तक जारी रहेंगे। ये इवेंट गुरु नानक स्टेडियम, मल्टीपर्पज हॉल, गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल गिल और जस्सोवाल स्थित हार्वेस्ट लॉन टेनिस अकादमी में आयोजित किए जा रहे हैं।

जालंधर से लुधियाना आए वरिंदर ने लंबी कूद मुकाबले में भाग लिया। कोच बिक्रमजीत सिंह के अनुसार वरिंदर सिंह को दिल का दौरा पड़ने के समय वह मैदान पर मौजूद थे। वरिंदर ने दोपहर 3 बजे तक अपना गेम पूरा कर लिया था, लेकिन अन्य एथलीटों को देख रहे थे। शाम 5:30 बजे अचानक अटैक के कारण मैदान पर गिर पड़े।

एथलिट कोच संजीव शर्मा ने कहा कि वह उस समय मैदान पर मौजूद थे। वरिंदर जब दूसरे प्रतिभागियों को देख रहे थे, तभी उन्हें अटैक आया और उनकी तुरंत मौत हो गई। पास में ही एक मेडिकल टीम मौजूद थी, जिसने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *