पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 105 किलोग्राम हेरोइन के साथ विदेशी ड्रग तस्कर गिरोह का पर्दाफाश
अमृतसर : पंजाब पुलिस ने एक खुफिया-आधारित अभियान में सीमा पार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन जब्त की है। इस अभियान में पुलिस ने 105 किलोग्राम हेरोइन, 31.93 किलोग्राम कैफीन एनहाइड्रस, 17 किलोग्राम डीएमआर और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर नवप्रीत सिंह नव भुल्लर के दो सहयोगियों नवजोत सिंह और लवप्रीत कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पाकिस्तान से ड्रग्स के परिवहन के लिए जल-मार्ग का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने टायरों की बड़ी रबर ट्यूब भी बरामद की हैं, जो संकेत देती हैं कि तस्करी के दौरान इन्हें जल मार्ग के जरिये उपयोग किया गया।
तस्करों के पास से 5 विदेशी पिस्तौल और 1 देसी कट्टा भी बरामद किया गया है, जो इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल की गंभीरता को दर्शाता है। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल, अमृतसर में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
