इजराइल ने ईरान पर 100 मिसाइल से किया हमला
फैक्ट्रियों, सैन्य अड्डे को बनाया निशाना, 20 ठिकाने तबाह
तेहरान, इजराइल ने ईरान के हमले के 25 दिन बाद शनिवार तड़के पलटवार करते हुए 3 घंटे में ईरान के 20 ठिकानों पर हमले किए। एक अमेरिकी अखबार के अनुसार इन हमलों में मिसाइल फैक्ट्री और सैन्य अड्डे शामिल है तेहरान के इमाम खुमानी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास भी हमला किया गया है। स्थानीय समय अनुसार देर रात 2:15 बजे हमले शुरू हुई और सुबह 5:00 तक जारी रहे।
उधर यरूशलम पोस्ट के मुताबिक इजरायल ने ईरान पर हमला करने के लिए 100 से ज्यादा फाइटर जेट्स का इस्तेमाल किया। हमले में एफ 35 का भी इस्तेमाल किया गया है। सीरिया में रडार ठिकानों पर इजरायल ने शुरुआती हमला किया इसके बाद ईरान में एयर डिफेंस सिस्टम और रडार पर हमला किया गया। इजरायल डिफेंस फोर्स ने रात में 2:30 बजे इसकी जानकारी सार्वजनिक की। इजरायल डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने कहा कि एक अक्टूबर को इजराइल पर हुए हमले के जवाब में यह कार्रवाई की गई है। ईरान और मिडिल ईस्ट में उसके सहयोगी 7 अक्टूबर 2023 से 7 मोर्चों पर हमले कर रहे हैं। हमें भी जवाब देने का अधिकार है। अपनी रक्षा के लिए जो भी जरूरी होगा वे करेंगे। हमले के बाद इजरायल ईरान और इराक ने अपने एयर स्पेस बंद कर दिए हैं। एयर स्ट्राइक के बाद अमेरिका ने इजरायल का समर्थन किया है और कहा है कि यह ईरान के हमले का जवाब है। ईरान ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमले तेहरान, कुजेस्तान और इलाम राज्यों में हुए। कई हमलों को हवा में ही रोक दिया गया इसलिए बहुत कम नुकसान हुआ है।
