खेल वतन पंजाब दियां ʼʼ के तहत सैनिक स्कूल कपूरथला बास्केटबॉल टीमों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया
कपूरथला , कपूरथला के गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित “ खेल वतन पंजाब दियां ʼʼ के तहत सैनिक स्कूल कपूरथला बास्केटबॉल टीमों ने (अंडर- 14 और अंडर-17) दोनों श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। 20 टीमों के साथ खेलते हुए इस लीग मैच में सैनिक स्कूलकी टीमों ने सबको परास्त करके प्रथम स्थान पर कब्जा जमा लिया। जानकारी हो कि विरोधी टीमों में राष्ट्रीय स्तर के कुछ खिलाड़ी भी शामिल थे। बावजूद इसके सैनिक स्कूल की टीम की प्रशंसा दर्शकों ने जबरदस्त ढंग से की।इस दौरान कैडेट अर्णव ठाकुर, कैडेट मन्नत एवं कैडेट राजवीर का प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा। उनके कौशल को कोच और दर्शकों दोनों से व्यापक प्रशंसा मिली। टीम की उल्लेखनीय उपलब्धियों के कारण स्कूल के 10 खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने के लिए भी इस दौरान चुना गया।
ये सदस्य 11 अक्टूबर 2024 को फरीदकोट में शुरू होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होंगे। स्कूल की गौरवशाली प्रतिष्ठा में और भी चार चाँद लगाते हुए कैडेट पवनप्रीत सिंह (अंडर-21 ) ने 400 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस सफलता पर प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर, उप प्रधानाचार्या विंग कमांडर दीपिका रावत और प्रशासनिक पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जेबीएस वेग ने पूरे स्टाफ के साथ मिलकर दोनों टीमों को हार्दिक बधाई दी है। साथ ही साथ इस टीम के समर्पित कोच देवेंद्र सिंह को इस उपलब्धि एवं सफलता का श्रेय भी दिया है।
