February 20, 2026

राहुल गांधी ने कांग्रेस की रैली में हुड्डा-सैलजा का हाथ मिलवाया

नारायणगढ़: हरियाणा चुनाव के मतदान के लिए एक सप्ताह से कम समय बचा है। वहीं हरियाणा में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी विजय संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। इस दौरान एक गजब नजारा देखने को मिला। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा का हाथ अपने हाथों से मिलवाया। बता दें कि नारायणगढ़ की रैली समाप्त होने के बाद सभी नेताओं ने एक साथ हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान राहुल गांधी के एक तरफ कुमारी सैलजा खड़ी थी तो दूसरी तरफ भूपेंद्र सिंह हुड्डा खड़े थे। बाद में राहुल गांधी ने पीछे हटते हुए दोनों नेताओं का हाथ मिला दिया। इसके बाद मौजूद जनता ने तालियां बजाकर सबका इस्तकबाल किया।
हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा की आपस में नाराजगी किसी से छिपी हुई नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए खींचतान चल रही है। दोनों ही नेता सीएम पद के दावेदार है। यहीं वजह है कि कांग्रेस में इस समय दोनों नेताओं के बीच मान-मनौव्वल की कोशिश की जा रही है। लेकिन दोनों नेता सीएम पद को लेकर किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं करना चाहते है। हालांकि इससे पहले भी असंध में राहुल गांधी की रैली में दोनों नेता एक साथ मंच पर नजर आए थे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कुमारी सैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का हाथ मिलवाकर यह संदेश देना चाहते हैं कि हरियाणा कांग्रेस में कोई अंतर्कलह नहीं है। कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एक साथ है और एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल गांधी अपनी रैलियों में दोनों नेताओं को एक साथ रख रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *