चीन में सीवेज पाइप फटा, लोगों पर बरसी गंदगी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नाननिंग : चीन के शहर नाननिंग में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सीवेज पाइप में हुए विस्फोट के कारण लोगों पर मानव मल-मूत्र की बारिश हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सीवेज पाइप में विस्फोट के बाद मानव मल का फव्वारा आसमान में उठा और आसपास के क्षेत्र में फैल गया। इससे कारें, बाइक और पैदल चलने वाले लोग गंदे हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना सीवेज लाइन के दबाव परीक्षण के दौरान हुई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सफाई का काम शुरू कर दिया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स किए। कई लोगों ने इस घटना को लेकर मीम्स भी बनाए। जानकारों के अनुसार, सीवेज पाइप में विस्फोट के कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि पाइप में दरार होना, अत्यधिक दबाव या निर्माण कार्य के दौरान हुई कोई गलती।
