स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर पथराव, कई बोगियों के शीशे टूटे; कई यात्री घायल
पटना : बिहार के समस्तीपुर में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव का मामला सामने आया है। समस्तीपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल पर गुरुवार देर रात ट्रेन पर पथराव किया गया जिससे बोगियों के शीशे टूट गए। पथराव में कई यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों का समस्तीपुर में ही इलाज कराया गया। घटना के बाद ट्रेन 45 मिनट देरी से मुजफ्फरपुर स्टेशन पर पहुंची।
दरअसल, मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर गुरुवार की रात जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव किया गया। घायल यात्रियों का समस्तीपुर में ही उपचार कराया गया। समस्तीपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल पर अचानक पथराव से यात्री दहशत में आ गए। ट्रेन पर पथराव का मामला रात करीब 9:45 बजे का बताया जा रहा है। पथराव के बाद समस्तीपुर में कुछ देर तक ट्रेन रुकी रही, जिसके बाद मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन रवाना हुई। इस पथराव के कारण ट्रेन की कई बोगियों के शीशे टूट गए। इसमें पेंट्रीकार समेत उसके बगल की B1 और B2 कोच के शीशे टूटे हुए बताए जा रहे हैं। फिलहाल आरपीएफ समस्तीपुर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
