February 19, 2026

विदेशों में विवादित बयान देते हैं राहुल, भारत लौटकर पलट जाते हैं : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि भाजपा सदा जोड़ने तो वहीं कांग्रेस सदा तोड़ने की बात करती है।जिस तरह से फारूक अब्दुल्ला दिल्ली आकर कुछ बयान देते हैं और कश्मीर आकर कुछ और बयान देते हैं, उसी तरह से राहुल गांधी विदेश जाकर कुछ बयान देते हैं और घर में आकर अपने बयान से पलटने का काम करते हैं। सच्चाई यह है कि जब-जब राहुल गांधी का विदेश दौरा हुआ, तब उन्होंने भारत को नीचा दिखाने का काम किया। मुझे समझ नहीं आता कि एक व्यक्ति इतना झूठ कैसे बोल सकता है। सिखों का अपमान और हत्याएं अगर कहीं हुईं तो राजीव गांधी के दौर में 1984 में हुई।

साफ दिखता है कि कांग्रेस और पाकिस्तान के इरादे एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आर्थिक कुप्रबंधन के चलते आज प्रदेश 96 हज़ार करोड़ के कर्जे में डूब गया है और यही हालात रहे तो इस साल के अंत तक यह एक लाख करोड़ पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.5 वर्ष में प्रदेश का बंटाधार कर दिया है।

प्रदेश पर महंगाई का बोझ, इंडस्ट्री के साथ बेरुख़ी, कर्मचारियों को सैलरी-पेंशन के लिए तरसाना दिखाता है कि कांग्रेस से सरकार चलाई नहीं जा रही। कांग्रेस का हाथ प्रदेश की जनता के गिरेबान पर है।

बिजली के दाम इन्होंने आते ही दो बार बढ़ा दिए, पर्यावरण और दूध का सेस लगा दिया, उद्योगों पर भी सेस बढ़ाया गया है जिस से राज्य में उद्योग पलायन कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़े बड़े वादे किए मगर चुनाव के बाद वादे पूरे करना तो दूर प्रदेश की माली हालत इतनी ख़राब कर दी कि यहाँ वेतन और पेंशन के लाले पड़ गए हैं।

कांग्रेस पार्टी अगर सरकार नहीं चला सकती तो इन्हें सरकार छोड़ देनी चाहिए। अनुराग ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार लोकप्रिय संगठन बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *