February 19, 2026

पंजाब कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली पंजाब सरकार में एक बार फिर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में पिछले ढाई साल में यह तीसरा कैबिनेट विस्तार है। आज 5 नए मंत्रियों ने शपथ ली है।

नए मंत्रियों में तरूणप्रीत सिंह, बरिंदर गोयल, हरदीप मुंडिया, डॉ. रवजोत सिंह और मोहिंदर भगत शामिल हैं। इनमें से दो मंत्री अनुसूचित जाति, दो जट और एक बानिया समुदाय से हैं। इस कैबिनेट विस्तार के बाद अब पंजाब मंत्रिमंडल में केवल एक ही महिला मंत्री बची हैं। इससे पहले अनमोल गगन मान की छुट्‌टी के बाद यह संख्या घटकर दो हो गई थी।रविवार को 4 मंत्रियों को कैबिनेट से हटा दिया गया था। कैबिनेट में बदलाव के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने भरोसेमंद ओएसडी ओंकार सिंह को भी हटा दिया है।

पंजाब में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सिर्फ 3 सीटें जीत पाई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट में यह बदलाव लोकसभा चुनाव के नतीजों से जुड़ा हो सकता है। पंजाब में कुल 18 मंत्री हो सकते हैं। 5 नए विधायकों को शपथ दिलाने के बाद मंत्रियों की संख्या 16 हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *