सूचना एवं जनसंपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलाभर में चलाया जा रहा मतदाता जागरूकता अभियान ——–हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 में शत प्रतिशत मतदान को लेकर डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और एडीसी सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वीप गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास,स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। स्वीप गतिविधियों के लिए एडीसी सलोनी शर्मा बतौर नोडल अधिकारी कार्य करते हुए गतिविधियों के सफल आयोजन की मॉनिटरिंग कर रही हैं। प्रतिदिन महिला एवं बाल विकास,शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीमों द्वारा झज्जर, बेरी,बहादुरगढ़, बादली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की स्वीप गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को पांच अक्टूबर को विधान सभा आम चुनाव के दिन बढ़चढक़र मतदान करने के लिए जागरूक व प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि स्वीप गतिविधियों के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रचार टीम द्वारा गांव-गांव जाकर ग्रामीण मतदाताओं को लोकगीतों, भजनों व आम बोलचाल की भाषा में पांच अक्टूबर को मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालने के लिए प्रेरित व जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से डोर-टू-डोर संपर्क करते हुए, मुनादी करवाकर, मतदाता जागरूकता शपथ दिलाकर, व्याख्यान, रंगोली, नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की प्रचार टीम के कलाकार चुनाव का पर्व-प्रदेश का गर्व थीम के साथ पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर ‘एक वोट से होती जीत-हार, वोट न हो कोई बेकार…’ व ‘वोटर लिस्ट में नाम लिखवाएं-वोटर कार्ड सभी बनवाएं…‘ जैसे जागरूकता स्लोगन के अलावा ‘लोकतंत्र का नाम करो, सब मिलकर मतदान करो, सब लोगों से यही पुकार, डालो मत और चुनो सरकार…’ जैसे जागरूकता गीतों व भजनों के माध्यम से स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) गतिविधियों के माध्यम से जिला के मतदाताओं को जागरूक व प्रेरित कर रहे हैं। जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर प्रशासन का पूरा फोकस : डीसी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला के चार विधानसभा क्षेत्रों बेरी,बादली, बहादुरगढ़ और झज्जर में स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) गतिविधियां प्रभावी रूप से जारी हैं। मतदाताओं को जागरूक व प्रेरित करने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दे रहे हैं। जिला प्रशासन का जिलाभर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर पूरा फोकस है, जिसके लिए विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढक़र भागीदारी करने के लिए जिला में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।