सिविल सर्जन रूपनगर ने पीएचसी कीरतपुर साहिब का औचक दौरा किया
सचिन सोनी, कीरतपुर साहिब, डॉ. तरसेम सिंह सिविल सर्जन रूपनगर ने अचानक पीएचसी कीरतपुर साहिब का दौरा किया और मौके पर उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। सिविल सर्जन ने आपात स्थिति में दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, लैब टेस्ट और आम आदमी क्लिनिक की भी जांच की और कर्मचारियों द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। सिविल सर्जन द्वारा डिलीवरी प्वाइंट की भी जांच की गयी तथा कार्य संतोषजनक पाया गया।
इसके साथ ही सिविल सर्जन रूपनगर ने पीएचसी कीरतपुर साहिब में रिहायशी क्वार्टर को तोड़ने के काम का भी जायजा लिया और बताया कि पीएचसी का नवीनीकरण कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर उनके द्वारा समस्त स्टाफ को निर्देशित किया गया कि सरकार द्वारा आम लोगों को जो स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है, उनकी पहुंच आम लोगों तक सुनिश्चित करायी जाये तथा इसके प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता न बरती जाये।
