निजी पीजी की छत से गिरकर छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
रविंद्र ठाकुर, हमीरपुर, हमीरपुर नगर में एक निजी पीजी की छत से गिरकर एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हमीरपुर में एक कोचिंग संस्थान के छात्र की रविवार रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे के बाद पीजी की छत से गिर कर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक छात्र की पहचान आर्यन ठाकुर आयु 15 वर्ष पुत्र सुनील ठाकुर निवासी गांव हटवाड़ जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात को खाने को लेकर हुई बहस के बाद छात्र पीजी भवन की तीसरी मंजिल से गिर गया था और गिरने से छात्र बुरी तरह से घायल हो गया था। छात्र को घायल अवस्था में एंबुलेंस द्वारा मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया था लेकिन रास्ते में ही छात्र ने दम तोड़ दिया। मृतक छात्र आर्यन पिछले आठ महीनों से निजी कोचिंग संस्थान में कोचिंग ले रहा था तथा नगर के गांव गौड़ा स्थित एक निजी पीजी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र इंजीनियरिंग की कोचिंग ले रहा था तथा 28 अगस्त को उसका जन्म भी था।
मृतक छात्र आर्यन के पिता सुनील ठाकुर निवासी हटवाड़ का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से बेटे को खाना खाने को लेकर तंग किया रहा था और दो तीन दिनों से बेटे से फोन पर जो बातचीत हुई थी उससे पता चलता है कि बेटे को खाने पीने की समस्या थी। सुनील ने बताया कि गत रात भी उनके बेटे ने बताया था कि उसे खाना ठीक से नहीं दिया जा रहा है।इसी बात को लेकर आर्यन को तंग किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पिछले 8 महीने से एक निजी संस्थान में कोचिंग ले रहा था तथा गौड़ा स्थित एक निजी पीजी में रह रहा था। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में शामिल दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।वहीं ,छात्र के चाचा ने पीजी के मालिक पर आरोप लगाया कि यदि बच्चा दो- तीन दिन से परेशान था तो बच्चे के बारे में अभिभावकों को क्यों नहीं सूचित किया गया। मृतक के चाचा का यह भी आरोप है कि बच्चे को खाने देने के चलते पिटाई की गई है और उसके चलते बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पीजी के मालिक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई की जानी चाहिए। इस बारे में गौड़ा स्थित पीजी मालिक विकास का कहना है कि छात्र पिछले दो तीन दिनों से उदास रह रहा था तथा पिछली रात पौने बारह बजे के करीब बच्चे की उसके पिता से बात हुई थी। बातचीत करने के तुरंत बाद ही बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया है। गिरने के बाद उसे मेडिकल कालेज हमीरपुर पहुंचाया गया है जहां पर प्राथमिक उपचार हुआ है लेकिन उसके बाद बच्चे की मौत हुई है।
उधर, एसपी हमीरपुर, भगतसिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली है। मंडी से फोरैंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। मृतक के रूम मेट व अन्य के ब्यान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट एंव फोरैंसिक टीम की रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
