February 15, 2026

सीबीआई की जांच के दायरे में आए ईडी अधिकारी का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, खुदकुशी की आशंका

नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई की जांच के दायरे में आने वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक अधिकारी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। अधिकारियों का मानना है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। ईडी अधिकारी आलोक कुमार पंकज का शव मंगलवार को दिल्ली के पास साहिबाबाद में रेलवे ट्रैक पर पाया गया।

गाजियाबाद के निवासी आलोक कुमार पंकज नई दिल्ली में ईडी में प्रतिनियुक्ति पर थे। इससे पहले उन्होंने आयकर विभाग में सेवा दी थी। हाल ही में, एक कथित भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने उनसे दो बार पूछताछ की थी, लेकिन सबूतों के अभाव में उन्हें छोड़ दिया गया था।

आलोक कुमार पंकज का नाम तब सामने आया था जब सीबीआई ने ईडी के सहायक निदेशक संदीप सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। संदीप सिंह पर आरोप था कि उसने एक व्यक्ति से उसके बेटे की गिरफ्तारी को टालने के लिए 50 लाख रुपए की मांग की थी। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर संदीप सिंह को दिल्ली में 20 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।

संदीप सिंह पर मुंबई के एक जौहरी से भी रिश्वत लेने का आरोप था, जिसके स्टोर पर पहले ईडी ने छापा मारा था। इस मामले में एफआईआर में संदीप सिंह के साथ आलोक कुमार पंकज को भी आरोपी बनाया गया था। संदीप सिंह को इस मामले के बाद निलंबित कर दिया गया था। पुलिस ने आलोक कुमार पंकज के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है और उनकी कथित आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *