February 19, 2026

मान सरकार खेलों और खिलाड़ियों पर दे रही है विशेष ध्यान : अनुराग वर्मा

चंडीगढ़ : पेरिस ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाले पंजाब के दो पी.सी.एस. अधिकारियों हार्दिक सिंह और गुरजंट सिंह ने आज पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से मुलाकात की। इस मौके पर टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले पंजाब के दो पी.सी.एस. अधिकारी रूपिंदर पाल सिंह और सिमरनजीत सिंह भी मौजूद थे। मुख्य सचिव वर्मा ने हॉकी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि पूरे देश को उन पर गर्व है जिन्होंने 52 सालों बाद ओलंपिक खेलों में हॉकी खेल में लगातार दो बार पदक जीते। उन्होंने कहा कि पंजाब के लिए और भी गर्व की बात है कि 19 सदस्यीय टीम में कप्तान और उप-कप्तान समेत 10 खिलाड़ी पंजाब के थे। वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली सरकार द्वारा खेलों और खिलाडिय़ों को विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए राज्य सरकार की ओर से हर खिलाड़ी को 15 लाख रुपये दिए गए और हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा कांस्य पदक विजेता 8 खिलाडिय़ों को एक-एक करोड़ रुपये और भाग लेने वाले 11 खिलाडिय़ों को 15-15 लाख रुपये दिए गए। दोनों हॉकी खिलाडिय़ों ने मुख्य सचिव से पेरिस ओलंपिक के अनुभव साझा किए। मुख्य सचिव श्री वर्मा ने कहा कि पूरे ओलंपिक खेलों के दौरान हॉकी में भारत ने टीम खेल का शानदार प्रदर्शन किया और ब्रिटेन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 10 खिलाडिय़ों के साथ खेलते हुए जीत हासिल करके मिसाल कायम की। इस मौके पर उन्होंने खिलाडिय़ों के साथ राज्य में हॉकी को और प्रोत्साहित करने के लिए विचार-विमर्श भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *