February 21, 2026

युवकों ने ताजमहल में कब्रों पर चढ़ाया गंगाजल, अखिल भारत हिन्दू महासभा ने ली जिम्मेदारी

सीआईएसएफ जवानों ने दोनों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया

आगरा : शनिवार को दो युवकों ने ताजमहल में गंगाजल चढ़ाया। वह पानी की बोतल में गंगाजल लेकर पहुंचे थे। मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने के दरवाजे पर युवक ने गंगाजल चढ़ाया। दरवाजे से तहखाने में स्थित कब्रों तक जाने को सीढ़ियां बनी हैं। हिंदूवादी संगठन ताजमहल को शिव मंदिर तेजोमहालय मानते हैं। इसे लेकर कई याचिकाएं अदालत में विचाराधीन हैं। सावन में ताजमहल को हिन्दू मंदिर बताते हुए उसकी आरती करने और जलाभिषेक करने की मांग समय-समय पर उठती रही है। सावन के सोमवार को कुछ वर्ष पूर्व तक शिवसैनिक यमुना किनारे से ताजमहल की आरती उतारा करते थे।शनिवार सुबह दो युवक ताजमहल पहुंचे। एक के हाथ मे पानी की बोतल थी और दूसरा वीडियो बना रहा था। मुख्य मकबरे में कब्रों वाले कक्ष में प्रवेश करने से पूर्व युवक तहखाना के दरवाजे पर रुक गया। यहां उसने बोतल में भरे गंगाजल से अभिषेक किया। युवक को ऐसा करते हुए और दूसरे को वीडियो बनाते हुए देखने पर सीआईएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद दोनों को पुलिस को सौंप दिया। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने इसकी जिम्मेदारी ली है। महासभा के विनेश चौधरी और श्याम को ताजमहल में गंगाजल चढ़ाने पर पकड़ा गया है। दोनों कांवड़ लेकर शुक्रवार रात मथुरा पहुंचे थे। शनिवार सुवह ताजमहल पहुंचकर उन्होंने गंगाजल चढ़ाया।

बता दें ताजमहल में खाने का सामान ले जाना प्रतिबंधित है, लेकिन पानी की बोतल ले जाने पर कोई रोक नहीं है। इसी का फायदा युवकों ने उठाया। वह पानी की बोतल में गंगाजल ले गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *