February 20, 2026

क्वार्टर फाइनल में कोरियन प्रतिद्वंदी से हारीं दीपिका कुमारी, भारत की एक और उम्मीद टूटी,

पेरिस : भारत की स्टार महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी शनिवार को पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला रिकर्व के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया की युवा तीरंदाज नाम सुहयोन से 6-4 से हार कर मुकाबले से बाहर हो गईं।

पूर्व विश्व नंबर एक दीपिका कुमारी को महिलाओं के व्यक्तिगत क्वार्टरफाइनल तीरंदाजी मैच में दक्षिण कोरिया की 19 साल की नाम सुहयोन ने 6-4 से हराया। सुहयोन आज इस प्रतियोगिता में तीसरी दक्षिण कोरियाई सेमीफाइनलिस्ट बन गईं, जबकि भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

तीन सेटों के बाद 4-2 की बढ़त के साथ, चार बार की ओलंपियन दीपिका अंतिम चार में जगह बनाने के लिए तैयार थीं। हालांकि, चौथे सेट में सात अंकों के निशाने की वजह से उन्हें अपनी बढ़त गंवानी पड़ी। अंतिम सेट में नाम सुहयोन ने भारतीय तीरंदाज को 29-27 से मात देकर जीत हासिल की। इस परिणाम के साथ, पेरिस 2024 में भारत का तीरंदाजी अभियान भी समाप्त हो गया।

इससे पहले दीपिका ने राउंड 16 तीरंदाजी मैच मे जर्मनी की मिशेल क्रोपेन को 6-4 से हरा कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी थी। उधर, भजन कौर का प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में हार के साथ अभियान समाप्त हो गया। इंडोनेशिया की डायनांडा चोइरुनिसा ने भजन कौर को 6-5 से हराया। चोइरुनिसा ने भजन कौर को महिला रिकर्व व्यक्तिगत 1/8 एलिमिनेशन राउंड में हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *