हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आयोजन अगस्त के मध्य में होने की संभावना
शिमला , हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आयोजन अगस्त के मध्य में होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 25 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में मानसून सत्र को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।
मानसून सत्र में छह से आठ बैठकें हो सकती हैं। इस बार मानसून सत्र लोकसभा चुनाव एवं दो उपचुनावों के बाद हो रहा है। ऐसे में इस बार सदन का माहौल बदला होगा और सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की ओर से विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सरकार को अस्थिर करने के आरोपों की बौछार होगी।
बैठक में विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने संबंधी कोई निर्णय लिया जा सकता है। मौजूदा समय में शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके बाद अब अन्य विभागों में भी खाली पड़े हजारों पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
प्रदेश सरकार हालांकि, जिस तरह के वित्तीय हालात से गुजर रही है, उसको देखते हुए अभी कर्मचारियों को नए वेतनमान के बकाया एरियर एवं लंबित 12 फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) अदायगी की संभावनाएं कम हैं। मंत्रिमंडल में होम स्टे इकाइयों के संचालन के लिए नए नियम बनाए जाने को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
होम स्टे को लेकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है, जिसकी सिफारिशों के अनुरुप नए नियम तय होंगे। होम स्टे में सरकार सिर्फ हिमाचली लोगों को जोड़ना चाहती है। इसके अलावा बिना पंजीकरण के होम स्टे संचालन पर कार्रवाई की जा सकती है।
