February 27, 2026

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की ओर से किए जा रहे भ्रष्टाचार और माफिया को दिए जा रहे संरक्षण पर मुख्यमंत्री को घेरा

देहरा,  हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार की ओर से किए जा रहे भ्रष्टाचार और माफिया को दिए जा रहे संरक्षण पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जमकर घेरा। ठाकुर ने देहरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी होशियार सिंह के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मसले पर मुख्यमंत्री आखिर मौन क्यों है। उनकी खामोशी का क्या कारण है। प्रदेश में आए दिन घोटाले सामने आ रहे हैं लेकिन मुख्यमंत्री पूरे प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए हैं।

प्रदेश के लोग जानना चाहते हैं कि उनके होते हुए ये घोटाले कैसे हो रहे हैं। भ्रष्टाचारियों को, अपराधियों को, माफिया को किसका संरक्षण मिल रहा है। पुलिस उन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। सरकार प्रदेश की जनता के भले के लिए काम करती है न कि अपने परिवार और मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है।

ठाकुर ने कहा प्रदेश की जनता ने भ्रष्टाचार करने वाली सरकार को, उसके मुखिया को पूरी तरीके से नकार दिया है। लोकसभा के चुनाव में मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्रियों को उनके अपने हलके में हराकर जनता ने अपना रुख साफ कर दिया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचारियों की लिए कोई जगह नहीं है। इस विधानसभा के चुनाव में प्रदेश सरकार की हर तानाशाही का डटकर जवाब देगी और भाजपा की तीनों प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *