March 14, 2026

जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित

सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल संबंधी मुद्दों पर हुई चर्चा

मंडी, 26 जून।
जिला परिषद मण्डी की त्रैमासिक बैठक जिला परिषद कार्यालय के साभागार में जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त मण्डी रोहित राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल से सम्बन्धित नए व पुराने मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला मण्डी के जिला परिषद सदस्यों ने भाग लिया तथा अपने-अपने क्षेत्र से विकास से संबंधित समस्याओं को उठाया। इस दौरान अध्यक्ष ने अधिकारियों से जनहित के विभिन्न कार्यों को आपसी समन्वय स्थापित कर तय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कुछ मदों पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर संबंधित विभाग द्वारा उचित कार्रवाई कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला परिषद की आगामी बैठकों में सभी विभागों को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में परिषद के सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। परिषद की अन्य सदस्यों ने भी बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
अध्यक्ष ने बैठक में विभिन्न सदस्यों द्वारा उठाए गए मदों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए ताकि आम जनमानस से संबंधित समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मंडी जिला को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है इस उद्देश्य को पूरा करने में आपसी समन्वय जरूरी है।

बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश चंदेल, सभी जिला परिषद सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *