चन्नी ने पुंछ में हुए आतंकी हमले को लेकर सवाल खड़े किए
जालंधर, जालंधर से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पुंछ में हुए आतंकी हमले को लेकर सवाल खड़े किए है। चन्नी ने वायु सेना के काफिले पर शनिवार शाम को हुए अटैक को स्टंटबाजी करार दिया है। चन्नी ने कहा, ‘ये स्टंटबाजी हो रही है। हमले नहीं हो रहे।
उन्होंने कहा कि पिछली बार भी चुनाव आया तो ऐसे स्टंट खेले गए और बीजेपी को जिताने का काम किया गया।’ उन्होंने कहा कि पहले से तैयारी करके हमले करवाए जाते हैं। यह भाजपा को जिताने का स्टंट होता है और इसमें कोई सच्चाई नहीं होती। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि लोगों को मरवाना और उनकी लाशों पर खेलना तो बीजेपी को आता है। चरणजीत सिंह चन्नी ने इस दौरान किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी किसानों को खत्म करना चाहती है। ऐसा करके वह पंजाब को दबाना चाहती है। पंजाब की अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कहने का प्लान है। उन्हें पता है कि अगर हम किसान को खत्म कर देंगे, खेती को खत्म कर देंगे तो पंजाब रुक जाएगा।’
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में वायुसेना के काफिले पर हमले में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस मामले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस हमले में वायुसेना के 5 कर्मी घायल हो गए और उनमें से एक ने बाद में एक सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
