March 15, 2026

अमीरात में अप्रैल के महीने में भारी गर्मी पड़ने के बाद अबू धाबी और दुबई में भारी बारिश और तूफान आया

नई दिल्ली,  संयुक्त अरब अमीरात में अप्रैल के महीने में भारी गर्मी पड़ने के बाद अबू धाबी और दुबई में भारी बारिश और तूफान आया, जिसके कारण उड़ानें रद्द कर दी गईं और दुबई में बस सेवाएं निलंबित कर दी गईं। जानकारी के अनुसार अमीरात की कई उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने एक एम्बर अलर्ट जारी किया, जिसमें इशारा किया गया कि बारिश वाले बादलों ने देश के ज्यादातर हिस्सों को ढक लिया है। 3 मई तक देश में प्रतिकूल मौसम की स्थिति बने रहने की आशंका है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अबू धाबी के कुछ इलाकों में सड़कों पर जलभराव की सूचना मिली है, जबकि जेबेल अली, अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दुबई इंडस्ट्रियल सिटी, दुबई इन्वेस्टमेंट्स पार्क और जुमेरा विलेज ट्राएंगल में तेज हवाएं चली हैं।

खलीज टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यूएई ने गुरुवार तक दो दिनों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था, जिससे दफ्तर जाने वालों के लिए घर से काम करने और शारजाह और दुबई के स्कूलों के लिए डिस्टेंस लर्निंग के लिए मजबूर होना पड़ा। बता दें कि पिछले महीने अप्रैल में दुबई के अंदर आए रिकॉर्ड तूफान के बाद कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान फ्लाइंट्स रद्द कर दी गईं और अन्य परिचालन रोक दिया गया था।

ग्लोबल वॉर्मिंग से बढ़ सकता है खतरा
वहीं रिसर्चर्स ने तूफान जैसी चरम मौसम की घटनाओं को जलवायु परिवर्तन से जोड़ा है और अनुमान लगाया है कि ग्लोबल वार्मिंग से उच्च तापमान और खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा। संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में भारी बारिश से निपटने के लिए जल निकासी के बुनियादी ढांचे की कमी उन्हें बाढ़ के बड़े खतरों में डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *