वृद्ध आश्रम देहरी में दिया मतदान का संदेश
सुंदरनगर, लोकसभा चुनाव 2024 में मतदाता सहभागिता को बढ़ाने के लिए गठित की गई स्वीप टीम सुंदर नगर द्वारा आजकल मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही। इसी कड़ी में शुक्रवार को टीम के सदस्यों द्वारा वृद्ध आश्रम देहरी सुंदरनगर में जाकर के मतदान का संदेश दिया। यहां रह रहे लगभग 23 बुजुर्गों के साथ मिलकर के टीम के सदस्यों ने उनके हौसले को बढ़ाया। इस अवसर पर उपस्थित कई बुजुर्गों ने गजब का उत्साह दिखाते हुए इस बात को सुनिश्चित किया कि वे 1 जून के दिन पोलिंग बूथ में जाकर ही अपने मत का सदुपयोग करेंगे। इस अवसर पर बुजुर्गों ने युवाओं, महिलाओं व अन्य मतदाताओं को यह संदेश भी दिया कि मतदान महादान है और यह अवसर 5 साल की बाद ही मिलता है। इस पुनीत कार्य के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। इसलिए सभी मतदाता बढ़-चढ़कर के 1 जून को अवश्य मतदान करें और लोकतंत्र के इस महापर्व को पूरे उत्साह के साथ मनायें। इस अवसर पर स्वीप टीम की तरफ से देवेंद्र कुमार, रजनीश गौतम, दिनेश सिंह, प्रवीण शर्मा, दिनेश शर्मा, नैना व भीमा उपस्थित रहे।
