यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में झज्जर जिले के अभ्यर्थियों का शानदार प्रदर्शन
कुल सात सफल अभ्यर्थियों में से तीन लड़कियां
झज्जर, 18 अप्रैल। यूपीएससी द्वारा घोषित किए गए सिविल सर्विस परीक्षा परिणाम में जिला झज्जर से चयनित अभ्यर्थियों से डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने मुलाकात करते हुए शुभकामनाएं दी। यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2023 में जिला झज्जर के सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थियों से डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने अपने कार्यालय में मुलाकात की और बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीसी ने कहा कि जिला झज्जर के लिए यह बेहद गौरव का विषय है कि सामान्य पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों ने प्रतिष्ठित अखिल भारतीय सिविल सर्विस परीक्षा उतीर्ण करते हुए क्षेत्र का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को उनकी कड़ी मेहनत के दम पर देश व समाज सेवा करने का बेहतरीन अवसर मिला है। डीसी ने कहा कि सिविल सर्वेंट सरकार की नीतियों को बेहतरीन ढंग से लागू करते हुए लोगों के चेहरों पर खुशी ला सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के लिए भी बड़ी सफलता है क्योंकि तैयारी के इस सफर में अभिभावकों का अहम रोल होता है। डीसी ने अभ्यर्थियों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। इस दौरान सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। सफल युवाओं ने कहा कि जीवन लक्ष्य निर्धारित करते हुए एकाग्र होकर कड़ी मेहनत करना ही सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि सिविल सर्विस बेहद कठिन परीक्षा है जिसमें लाखों युवा सफलता का लक्ष्य लेकरअपीयर होते हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि जो जानकारी प्राप्त हो रही है उसके अनुसार हरियाणा से 29 अभ्यर्थियों का सिविल सेवा में चयन हुआ है जिनमें से 7 झज्जर जिले से संबंध रखते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सामान्य परिवारों से अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा को उतीर्ण करते हुए युवाओं को संदेश दिया है कि कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल होती है, बस जरूरत है तो सही दिशा में लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ने की। इसके अलावा सात सफल युवाओं में से तीन बेटियां हैं जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। डीसी ने कहा कि सफल महिला अभ्यर्थियों से क्षेत्र की छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी जो सिविल सर्विस में अपना करियर बनाने का सपना देख रही हैं। इस मौके पर एडीसी सलोनी शर्मा, सीटीएम शीतल, एसडीएम बहादुरगढ़ रविंद्र यादव, डीएमसी परवेश कादयान डीआईपीआरओ सतीश कुमार और सफल अभ्यर्थियों के अभिभावक मौजूद रहे। बॉक्स 7 में से 3 महिलाएं, छात्राओं के लिए बनी प्रेरणा झज्जर जिले में बहादुरगढ़ निवासी शौर्य अरोड़ा ने 14वीं रैंक, खरहर गांव निवासी शिवांश राठी ने 63वीं, दुबलधन के उदित कादियान ने 375 वीं, बहादुरगढ़ निवासी अभिलाष सुंदरम ने 421 वीं, झज्जर निवासी कनिका यादव ने 464वीं, बादली निवासी परख ने 584वीं व बहादुरगढ़ निवासी नेहा ने 719वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का समाज में प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है जो बेहतर सकारात्मक बात है।
