February 21, 2026

आदर्श चुनाव आचार संहिता को लेकर गठित कमेटी के साथ बैठक आयोजित

सुंदरनगर, 16 मार्च 2024।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा की अध्यक्षता में सुंदरनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से गठित आदर्श चुनाव आचार संहिता कमेटी के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
एसडीएम ने आदर्श चुनाव आचार संहिता कमेटी को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता लगते ही सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को सरकारी भवनों से 24 घंटे के भीतर हटाना होगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों से 48 घंटे और निजी भवनों में लगी सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को 72 घंटों के भीतर हटाना सुनिश्चित बनाएं तथा हटाई गई प्रचार सामग्री की रिपोर्ट निर्धारित समय में सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रचार सामग्री में सभी प्रकार के बैनर, होर्डिंग, नारा लेखन, दीवार लेखन इत्यादि शामिल रहेंगे। कहा कि सभी सरकारी विभाग अपने भवनों, वैबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप तथा अन्य सोशल मीडिया पर लगी विभिन्न प्रकार की प्रचार सामग्री को निर्धारित समय के भीतर स्वयं हटाना सुनिश्चित बनाएंगे।
एसडीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता लगते ही केवल उन्हीं विकास निर्माण कार्यों को अनुमति रहेगी जो पहले से चल रहें हैं। इसके अलावा कोई भी नया विकास कार्य शुरू नहीं किया जा सकेगा। साथ ही सभी विभागों को आचार संहिता लगते ही चल रहे विभिन्न विकास निर्माण संबंधी कार्यों की सूची सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 27 सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक नियंत्रण कक्ष तथा शिकायत केंद्र भी स्थापित किया गया है। यदि कोई व्यक्ति आदर्श आचार संहिता की अनुपालना संबंधी जानकारी या शिकायत प्रदान करना चाहता है तो वह दूरभाष नंबर 01907-266606 पर संपर्क कर सकता है।
बैठक में बीडीओ विवेक चौहान, डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) सुनील कुमार, निर्वाचन कानूनगो रजत बुशेहरी, कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *