February 21, 2026

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक के लिए किया भूमि पूजन और शिलान्यास

कुरुक्षेत्र,  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में उमरी रोड कुरुक्षेत्र में 5.39 एकड़ भूमि पर बनने वाले संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक का भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया। इस स्मारक का निर्माण कार्य लगभग 25 करोड़ रुपयों की लागत से संपन्न किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक के भूमि पूजन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश में गुरु रविदास जी के विशाल भव्य मंदिर का शिलान्यास किया था।

इस भव्य स्वरूप को बनते हुए देखकर उनके मन में इसी प्रकार हरियाणा प्रदेश में भी गुरु रविदास के स्मारक के निर्माण का विचार आया ताकि संतों की प्रेरणा नई पीढ़ी को मिलती रहे। इसके लिए मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कुरुक्षेत्र में 5 एकड़ भूमि में गुरु रविदास जी के भवन निर्माण की घोषणा की थी और आज इसके निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई है।हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा इसका निर्माण करवाया जाएगा। गुरु रविदास को नमन करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने प्रदेश के गरीबों, युवाओं, नारी शक्ति और किसान उत्थान की दिशा में पहल करते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि अब मुख्यमंत्री नायब सिंह इन योजनाओं को लगातार आगे बढाने का कार्य करेगें। उन्होंने नागरिकों से निवेदन करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में हरियाणा कीे इस प्रगति में योगदान देते हुए भाजपा को मजबूत करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का भव्य भवन बनाने का विचार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ही था जो आज मूर्तरूप ले रहा है।आने वाले चुनावों में हरियाणा की जनता 10 की 10 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने का काम करेगी। इस मौके पर सासंद संजय भाटिया, पूर्व मंत्री एवं विधायक संदीप सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक कमलेश ढांडा, पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज, विधायक लीला राम, विधायक लक्ष्मण दास नापा, विधायक सत्यप्रकाश, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व सांसद अशोक तंवर, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, एडीसी डा. वैशाली शर्मा, एचएसवीपी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरप्रीत कौर, पूर्व विधायक तेजबीर सिंह, रविंद्र सांगवान, सूरजभान कटारिया, अशोक गुर्जर, रेखा रानी, हुडा के एक्सईन योगेश्वर आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *