February 21, 2026

पेंशन योजना का लाभ लेने की इच्छुक महिलाओं की उमड़ रही है भारी भीड़ लेकिन….

नोटिफिकेशन न होने के कारण पंचायत सचिवों द्वारा उन्हें लौटाया जा रहा है बैरंग

अजय कुमार, बंगाणा, प्रदेश सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की क्षेत्र की महिलाओं में होड़ मच गई है। इस योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में महिला लोक मित्र केंद्र व फोटो स्टेट दुकानों पर आवेदन पत्र लेने के लिए पहुंच रही हैं। आवेदन पत्र लेने के बाद महिलाएं जब पंचायत कार्यालय में पहुंच रही है तो पंचायत सचिवों द्वारा उन्हें बैरंग लौटाया जा रहा है कि अभी तक इस योजना के तहत लाभ लेने की नोटिफिकेशन ही उन तक नहीं पहुंच पाई है। जबकि सोशल मीडिया पर फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप में इस योजना के अंतर्गत लाभ लेने के लिए तीन पेज के आवेदन पत्र आवेदन अपलोड हो गए हैं। कई पंचायत सचिवों व संबंधित विभागों के अन्य कर्मचारियों द्वारा लोकमित्र केंद्रों व फोटो स्टेट की दुकानों पर इन आवेदन पत्रों को महिला उम्मीदवारों को देने के लिए भेज दिया गया है। 1500 रुपए की मासिक पेंशन पाने के लिए जिले की महिलाओं में होड़ मच गई है। बड़ी संख्या में महिलाएं लोक मित्र केंद्रों फोटो स्टेट की दुकानों से आवेदन पत्र खरीद कर पंचायत घर पहुंच रही हैं लेकिन पंचायत कर्मचारी द्वारा जब महिलाओं को कहा जा रहा है कि प्रदेश सरकार की नोटिफिकेशन ही अभी तक उन तक नहीं पहुंच पाई है तो महिलाएं सरकारी कर्मचारियों व प्रदेश के मंत्री विधायकों को कोस रही हैं। इतना ही नहीं उपमंडल बंगाणा के कल्याणकारी विभाग में 20 किलोमीटर की दूरी तय करके कुछ महिलाओं ने इस योजना के फॉर्म को भरकर कार्यालय में भी पहुंचा दिया। लेकिन विभागीय कर्मचारी अभी तक सरकार की नोटिफिकेशन का ही इंतजार कर रहे हैं। पेंशन से संबंधित विभागों में अभी तक यह जानकारी भी नहीं पहुंच पाई है कि इस योजना के लिए पात्र कौन सी महिलाएं होंगी। बताया जा रहा है कि हाल ही में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अगर इस स्कीम के तहत महिलाओं को पहली किस्त चुनाव से पहले मिल जाती है तो यह योजना प्रदेश में चुनावों के गणित में भी फेरबदल कर सकती है। इस संबंध में कल्याणकारी अधिकारी बंगाणा विवेक कुमार ने कहा कि महिलाएं बड़ी संख्या में महिला सम्मान निधि के फॉर्म भरकर कार्यालय पहुंच रही है लेकिन अभी तक सरकार की नोटिफिकेशन ही नहीं पहुंची है। नोटिफिकेशन से पहले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जा सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *