केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़ा, उज्ज्वला योजना की सब्सिडी एक साल और मिलेगी, मोदी कैबिनेट का तोहफा
नई दिल्ली – मोदी कैबिनेट ने आज देश के लाखों गरीब परिवारों को बड़ा तोहफा देते हुए पीएम उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं को 300 रुपये की सब्सिडी जारी रखने की मंजूरी दी है। अब पीएम उज्ज्वला योजना के तहत 31 मार्च 2025 तक सब्सिडी दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। इसके अलावा केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते में सरकार ने बढ़ोतरी कर दी है। डीए बढ़ने के बाद कर्मचारियों का भत्ता 46% से बढ़कर 50% हो गया है। इसका फायदा करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को होगा। ग्रेजुएटी सीमा भी 20 लाख से 25 लाख हो गई है।
पीयूष गोयल ने बताया कि आज कैबिनेट बैठक में छह फैसलों पर मुहर लगी है। कच्चे जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाया गया है। इसमें 285 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, एआई मिशन के तहत 10,372 करोड़ रुपए के व्यय से इंडिया एआई मिशन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृत किया गया है।
