खट्टर सरकार ने 7 जिलों में ग्रामीण संवर्धन और महाग्राम योजना के तहत 113 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी
चंडीगढ़, हरियाणा की खट्टर सरकार ने 7 जिलों में ग्रामीण संवर्धन और महाग्राम योजना के तहत 113 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर 121 करोड़ रुपए खर्च होंगे। ये परियोजनाएं यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, फरीदाबाद, झज्जर, भिवानी और दादरी में शुरू होंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज यहां जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा क्रियान्वित की जाने वाली उक्त 113 परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।
इस संबंध में एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि 2 परियोजनाएं महाग्राम योजना के तहत और 108 परियोजनाएं ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा 3 परियोजनाएं सीवरेज और स्वच्छता के तहत स्वीकृत हैं। महाग्राम योजना के तहत चरखी दादरी और भिवानी में दो परियोजनाओं पर 100.09 करोड़ खर्च किए जाएंगे। *4 मौजूदा जल कार्यों के लिए पानी उपलब्ध कराना शामिल – प्रवक्ता ने बताया कि महाग्राम योजना के तहत स्वीकृत दो परियोजनाओं में जल आपूर्ति योजना बौंद कलां का विस्तार, पंपिंग और डीआई पाइप लाइनें बिछाकर लोहारू नहर से गांव बौंद कलां, बास, बौंद खुर्द में 4 मौजूदा जल कार्यों के लिए पानी उपलब्ध कराना शामिल है। इस पर 69.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।इसी तरह से गांव धनाना, जिला भिवानी में सीवरेज सुविधा और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण पर 33.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रवक्ता ने बताया कि यमुनानगर, झज्जर और फरीदाबाद में सीवरेज और स्वच्छता की 3 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। परियोजनाओं में फरीदाबाद के डिवीजन कार्यालय में 1.49 करोड़ रुपये की लागत से प्रयोगशाला का निर्माण करवाया जाएगा। इसी तरह से यमुनानगर में प्रयोगशाला उपकरणों की खरीद सहित नई जिला स्तरीय अपशिष्ट जल परीक्षण प्रयोगशाला पर 1.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला झज्जर के बहादुरगढ़ में शहरी और ग्रामीण जल आपूर्ति के लिए पब्लिक हैल्थ इंजीनियरिंग विभाग में प्रयोगशाला भवन के निर्माण पर 60.41 लाख खर्च किए जाएंगे।
