मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं की जांच करें सैक्टर अधिकारी : एसडीएम
बेरी लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में 67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के सैक्टर अधिकारियों की बैठक आयोजित
बेरी (झज्जर),28 फरवरी। एसडीएम एवं 67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र मलिक ने कहा कि सैक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के बूथों पर पहुंचने के लिए छोटे से छोटे रूट की जानकारी रखें,जिससे जरूरत पड़ने पर कम से कम समय में बूथों पर पहुंचा जा सके। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की जांच सुनिश्चित की जाए। बूथों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। अगर किसी प्रकार की कोई दिक्कतें हैं,तो उन्हें तुरन्त दुरुस्त कराया जाए। एसडीएम बुधवार को मिनी सचिवालय स्थित कार्यालय में बेरी विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अधिकारियों की बैठक में जरूरी निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। दिव्यांग वोटरों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर एवं वॉलिंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । उन्होंने आदर्श,दिव्यांग,युवा और महिला संचालित मतदान केन्द्रों का चयन कर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिन मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र बनाया जाएगा, उन्हें रंगोली एवं स्थानीय सामग्री से सुसज्जित करें। महिलाओं द्वारा संचालित मतदान केंद्रों में महिलाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व बेसक संबंधित विभाग का है किंतु सभी रिटर्निंग ऑफिसर स्वयं निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें । बैठक में बेरी विधानसभा क्षेत्र के सभी सैक्टर अधिकारी उपस्थित थे।
