मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना का प्रचार- प्रसार करें आंगनबाड़ी वर्कर: सीडीपीओ
बेरी(झज्जर ), निकटवर्ती गांव डीघल मेंमहिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एसडीएम रविन्द्र मलिक के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। विभाग की सुपरवाइजर रेखा और ममता देवी ने बतौर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सबिता मलिक ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योग्य लाभार्थियों की सूची बनाने के साथ ही आवेदन भरवाने में मदद के लिए प्रेरित किया।ताकि सभी लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके पर यह लाभ मिल सके। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर्स ने कहा कि सरकार द्वारा गर्भवती माताओं व बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए यह योजना शुरू की गई है । यह योजना 22 मार्च 2022 व इसके बाद जन्में दूसरे लडक़े पर लागू होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत यह लाभ पहली गर्भावस्था व दूसरी बेटी के जन्म देने वाली माताओं को दिया जाता था। लेकिन हरियाणा सरकार द्वारा दूसरे बेटे के जन्म पर भी मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना के तहत पांच हजार रूपए का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह लाभ सभी अनुसूचित जाति, जनजाति, आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर, बीपीएल कार्ड धारक, ई-श्रम कार्ड, किसान सम्मान निधि कार्ड, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मनरेगा कार्ड धारकों, दिव्यांग महिलाओं एवं ₹800000 वार्षिक आय से नीचे आने वाली महिलाओं को दिया जाएगा ।इसके लिए एम सी पी सी कार्ड, आधार कार्ड, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बैंक का खाता नंबर आदि दस्तावेजों की अनिवार्यता होगी । योजना का लाभ लेने के लिए सीएससी केंद्र या सरल पोर्टल से आवेदन करना होगा। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और हैल्पर मौजूद रहीं।
