February 21, 2026

भाजपा नेताओं का भेदभाव वाला बर्ताव बर्दाश्त योग्य नहीं

चंडीगढ़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पश्चिम बंगाल में एक सिख पुलिस अधिकारी की देशभक्ति पर सवाल उठाने के लिए भाजपा नेताओं की सख्त आलोचना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि भगवा पार्टी के नेता उस समुदाय की छवि और क्षमता पर सवाल उठा रहे है जिसे देशभक्त और राष्ट्रवादी तौर पर जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस हकीकत को झुठला रहे है कि पंजाबियों, विशेषकर सिख समुदाय ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिए है। इस दौरान भगवंत सिंह मान ने कहा कि देश को अनाज सुरक्षा के मामले में आत्म-निर्भर बनाने में सिख किसानों ने बड़ा योगदान है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इसी तरह मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के वीर सपूत देश की सीमाओं की रक्षा के लिए बेमिसाल बलिदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है कि भाजपा नेता निष्ठापूर्वक अपनी डियूटी निभाने वाले सिख अधिकारियों को राष्ट्रविरोधी बता रहे है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा नेताओं की यह हरकत पंजाबियों विशेषकर सिख समुदाय का घोर अपमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महान सिख गुरुओं ने हमें जुल्म, अन्याय और दमन का सामना करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लीडरशिप का यह घृणित कदम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी लीडरशिप को अपने नेताओं के इस गैरजिम्मेदार, अपमानजनक और भेदभावपूर्ण रवैये के लिए माफी मांगनी चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पूरा पंजाब उस बहादुर सिख पुलिस अधिकारी के साथ खड़ा है जिन्होंने अपनी डियूटी निभाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *