February 15, 2026

स्कूल से घर जाती बच्ची पर तेंदुआ ने किया हमला

बंगाणा के अरलू की घटना, पीड़िता अस्पताल में दाखिल

बंगाणा : उपमंडल बांगणा के अरलू गांव में स्कूल से घर वापिस जाती बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए द्वारा पीछे से किए हमले में बच्ची के बाजू व टांग में गंभीर चोटें आई है। बच्ची को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल बंगाणा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार अरलू गांव की प्रियंका सुपुत्री ज्ञान चंद वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरलू में पढ़ती है। छुट्टी के बाद छात्रा सहेलियों संग घर जा रही थी कि पहले से धात लगाए तेंदुए ने प्रियंका पर हमला बोल दिया। तेंदुए ने बच्ची को लहूलुहान कर दिया। इतने में ही एक टैक्सी चालक आया उसने बच्ची को तेंदुए के चुंगल से छुड़ाया व स्वजनों को सूचना दी।

स्वजनों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल बच्ची को सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायल बच्ची का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि इस गांव में पहले भी एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। उस व्यक्ति को भी घायल अवस्था में अस्पताल में दाखिल होना पड़ा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग को आदमखोर तेंदुए से निजात दिलाने के लिए पहले भी शिकायत की है लेकिन अभी तक तेंदुआ अरलू पंचायत के जंगलों में ही घूम रहा है।

इस संबंध में चिकित्सक डॉक्टर महेंद्र कौशल ने बताया कि तेंदुए के हमले में बच्ची के बाजू व टांग में जख्म हुए हैं। बच्ची का उपचार जारी है।

वन विभाग के आर ओ आनंद कुमार ने बताया कि बच्ची के घायल होने की सूचना मिली है। विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवा लिया है। सुबह विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *