शहर को डंप मुक्त बनाने का उनका वादा पूरा हो रहा है
होशियारपुर: कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने करीब 70 लाख रुपए की लागत से डिजाइन की गई होशियारपुर फूड स्ट्रीट का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह होशियारपुर वासियों के लिए एक नायाब तोहफा है, जिससे जहां शहर की सुंदरता को चार चांद लग गए है वहीं लोगों को खाने पीने के लिए सुंदर व साफ सुथरा माहौल भी मिला है।उनके साथ मेयर सुरिंदर कुमार, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, डिप्टी मेयर रंजीत चौधरी व पंजाब गो सेवा आयोग के सदस्य जसपाल चेची भी मौजूद थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पुराने सिविल सर्जन कार्यालय के सामने बनाई गई इस फूड स्ट्रीट के सामने पहले कूड़े का डंप हुआ करता था, जिसे उन्होंने पहल के आधार पर उठवाया। उन्होंने कहा कि शहर को डंप मुक्त बनाने का उनका वादा पूरा हो रहा है, जिसके तहत फूड स्ट्रीट को पहले ही डंप मुक्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसी तरह शहर में बाकी डंप भी शहरवासियों के सहयोग से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही होशियारपुर को डंप फ्री कर दिया जाएगा।
ब्रम शंकर जिम्पा ने बताया कि नगर निगम होशियारपुर की ओर से विकसित की गई इस फूड स्ट्रीट का क्षेत्रफल लगभग 700 फीट है। उन्होंने बताया कि फूड स्ट्रीट में स्टॉलों की कुल संख्या 50 है और यहां शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक वेज और नॉन-वेज कैटेगरी के लिए अलग-अलग रेहडिय़ां लगाई गई है। उन्होंने इस दौरान फ़ूड स्टाल2 वालों को साफ सफाई रखने व उत्तम प्रकार का खाना परोसने की हिदायत भी दी।इस मौके पर सहायक कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवाड़ी, पार्षद प्रदीप बिट्टू, विजय अग्रवाल, मोनिका कतना, आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव सतवंत सिंह सियान, एडवोकेट अमरजोत सैनी, खरैती लाल कतना, संदीप चेची, धीरज शर्मा,संतोष सैनी, सुमेश सोनी, अमरजीत शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।
