February 22, 2026

चुनाव प्रबंधन समिति की पहली बैठक प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में 2019 की तरह ही आगामी लोकसभा चुनाव में भी 10 की 10 सीटें जीतने की तैयारियों में जुटी हुई है। रोहतक में चुनाव प्रबंधन समिति की पहली बैठक प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में कलस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी एवं लोकसभा संयोजक शामिल हुए। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, सुरेंद्र पुनिया और डा. अर्चना गुप्ता की उपस्थिति में आगामी कार्ययोजना, चुनाव पर रणनीतिक चर्चा, प्रचार-प्रसार, घर-घर संपर्क को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में तीनों कलेस्टर के प्रभारी राव नरवीर सिंह, कृष्ण लाल पंवार और मनीष ग्रोवर तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला सहित अनेक नेता भी मौजूद रहे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में खोले जा रहे कार्यालयों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। श्री सैनी ने बैठक में अब तक हुई संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी ली। लगभग 3 घंटों तक चले चुनावी मंथन के बाद अभेद रणनीति तैयार की गई।मीडिया से बातचीत करते हुए नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर  दो अहम बैठकें हुई हैं। पहली बैठक कलस्टरों के इंचार्जों के साथ हुई है तथा दूसरी बैठक लोकसभा के संयोजकों व प्रभारियों के साथ हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में चुनाव 2024 के प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई और जरूरी दिशा निर्देश दिए।  मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब इन लोकसभा कार्यालयों का शुभारंभ करेंगे। कुरूक्षेत्र में वे खुद भी कार्यालय का शुभारंभ करेंगे। सभी 10 की दस लोकसभाओं में चुनाव कार्यालय खोले जाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सैनी ने बताया कि ‘‘गांव चलो अभियान’’ के तहत भाजपा के कार्यकर्ता 24 घंटों के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि दस वर्षों में गांवों में जबरदस्त विकास कार्य हुए हैं और गांवों की तस्वीर बदली है। प्रवास के दौरान कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *