कुटलैहड़ विस क्षेत्र के खड़ोल में सजा उपमंडल स्तरीय लोहड़ी उत्सव, संस्कृतिक कार्यक्रम पर थिरकी जनता
विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कार्यक्रम में की पूजा अर्चना, कुटलैहड़ की जनता के लिए मांगी सुख समृद्धि,
अजय कुमार, बंगाणा, उपमंडल बंगाणा स्तर की लोहड़ी की धूम कुटलैहड़ विस क्षेत्र के करमाली पंचायत के गांव खड़ोल में देखने को मिली जहां विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने शिरकत करके पूजा अर्चना एवम आहुतियां डाल कर जनता को लोहड़ी एवम मकर संक्रांति की बधाई दी। वही लोहड़ी उत्सव पर स्कूली छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कई गायकों द्वारा लोहड़ी उत्सव पर रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने मंच से लोहड़ी उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि सरकार गांव की ओर कार्यक्रम के तहत हमने लोहड़ी उत्सव यहाँ पर रखा है। क्योंकि अगर बंगाणा बाजार में लोहड़ी उत्सव किया जाता, जैसे बीते वर्ष किया था, तो गांव की हमारी माताएं बंगाणा बाजार नहीं पहुंच पाती। दूसरा गांव में कार्यक्रम के होने से हम गांव की बुजुर्ग माताओं की समस्या को भी जान सकते है इसलिए हम ने यह कार्यक्रम गांव में रखा है। भुट्टो ने कहा कि राज्य की सुक्खू सरकार गांव गरीब की सरकार है और गांव के गरीब जनता की समस्याओं का समाधान करना और हर उस व्यक्ति के पास पहुंचकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ देना मुख्य प्राथमिकताओं में शुमार है। लोहड़ी उत्सव पर खाने का विशेष प्रबंध किया गया था और जनता को लोहड़ी उत्सव के मूंगफली, रेवड़ी, गच्चक आदि के पैकेट भी बांटे। स्कूली छात्राओं एवम गणमान्य लोगों से अपील की कि अपने नजदीक गांव में कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा हो तो उस की सूचना पुलिस को जरूर दें क्योंकि सरकार हर हाल में समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। कार्यक्रम में नाटी, गिद्दा एवम नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के बारे में भी मंच से जागरूक किया गया। इस मौके पर रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश संयोजक सुरिंदर ठाकुर, कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, महासचिव प्रवीण शर्मा, अजय शर्मा, सुदर्शन शर्मा,चमन लाल फोरमेन, बलबीर सिंह, प्रधान महिंद्र राणा, उपप्रधान भूषण शर्मा,अरुण मनकोटिया, किशोरी हटली, अनिल पटियाल फॉरेस्ट विभाग, लोकनिवि,जल शक्ति विभाग के अलावा कुटलैहड़ विस क्षेत्र से सैकड़ों गणमान्य लोग एवम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
